शाही इमाम आफताब हुसैन पर एफआईआर दर्ज होने पर डीएम एसपी से मिले शहर विधायक
बुलन्द संदेश/लायबा नूर
संभल। चन्दौसी मार्ग सैफ खां सराय मे मस्जिद और दरगाह के ग्राम समाज एवं वक्फ मामले मे शाही इमाम मौलाना आफताब हुसैन वारसी और उनके भाई मेहताब हुसैन के विरूद्व एफआईआर दर्ज किए जाने को लेकर डीएम और एसपी से सपा विधायक ने मुलाकात की।
शहर विधायक एवं पूर्व काबीना मंत्री नवाब इकबाल महमूद ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि उन्होंने डीएम से कसेरुआ गांव में ध्वस्त की गई मस्जिद को लेकर बात की है। मस्जिद से जुड़े दस्तावेजों की जांच किए बिना कार्रवाई करना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि यदि मस्जिद समिति का कोई अधिकार बनता है तो उन्हें वैकल्पिक स्थान पर मस्जिद निर्माण की अनुमति दी जाए। इसके अलावा सपा विधायक ने शाही जामा मस्जिद के शाही इमाम हज़रत मौलाना आफताब हुसैन वारसी के खिलाफ चल रही कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि इमाम एक शरीफ और नेक इंसान हैं, जिन पर भारी जुर्माना, बुल्डोजर नोटिस और एफआईआर जैसी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से इन मामलों पर पुनर्विचार कर राहत देने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने एसपी से फतेहउल्लाहगंज चौकी, मंदिरों और मस्जिद से जुड़ी ग्राम सभा भूमि के मामले का भी जिक्र किया। उनका आरोप था कि शिकायत में कई धार्मिक स्थलों और चौकी पर ग्राम सभा भूमि होने की बात कही गई है, लेकिन कार्रवाई सिर्फ मस्जिद पक्ष पर हो रही है। नवाब ने कहा कि कानून सबके लिए समान होना चाहिए। विधायक के अनुसार, डीएम और एसपी दोनों ने उनकी बात गंभीरता से सुनी और निष्पक्ष जांच व न्यायसंगत कार्रवाई का भरोसा दिया है। यह मामला अब जिले में राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का विषय बन गया है।


