तेज रफ्तार कार की टक्कर से 6 साल की मासूम गंभीर रूप घायल हायर सेंटर रेफर
बुलन्द संदेश/लल्ला सलमानी
सम्भल।गुन्नौर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया,जहां सड़क पार कर रही 6 वर्षीय मासूम को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।राहत की बात यह रही कि कार चालक मौके से फरार नहीं हुआ,बल्कि उसने मानवता दिखाते हुए घायल बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार,हिमायूपुर गांव निवासी चन्द्रसैन की पुत्री राधा (6 वर्ष) घर के पास सड़क पार कर रही थी। तभी अचानक तेज गति से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार चालक ने जिम्मेदारी दिखाते हुए तुरंत परिजनों की मदद से घायल बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गुन्नौर में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और चालक को हिरासत में ले लिया।सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्ची की हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं,जिला अस्पताल में भी हालत में सुधार न होने पर उसे हायर सेंटर भेजा गया है,जहां उसका इलाज जारी है।घायल बच्ची की मां रिक्की ने बताया कि उनके चार बच्चे हैं, जिनमें राधा दूसरे नंबर की है।परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।बताया जा रहा है कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


