बुलन्द संदेश /ब्यूरो
भोला झाल में जिला समीक्षा बैठक, खाद, बिजली, गन्ना भुगतान और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर प्रशासन के खिलाफ जताया आक्रोश
संवाददाता जावेद अब्बासी
मेरठ। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की जिला समीक्षा बैठक मंगलवार को भोला झाल पर जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में आयोजित हुई। बैठक में जिलेभर से बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए। किसानों ने विभिन्न समस्याओं के समाधान न होने पर नाराजगी जताते हुए 21 जुलाई को जिला मुख्यालय के घेराव का ऐलान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने कहा कि किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन प्रशासन उनका समाधान नहीं कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि समितियों पर खाद वितरण में अनियमितताएं हुई हैं, किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिल रही है, बिजली का भार जबरन बढ़ाया जा रहा है और गन्ना भुगतान भी लंबे समय से लंबित है।
उन्होंने कहा कि किसान दिवस समेत कई अवसरों पर जिलाधिकारी को ज्ञापन दिए गए, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। उनका आरोप था कि किसानों को जिलाधिकारी से मिलने के लिए भी समय नहीं मिल पाता, जिससे किसानों में भारी नाराजगी है।
बैठक में मौजूद किसानों ने एक स्वर में कहा कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो 21 जुलाई को जिला मुख्यालय का घेराव कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। किसानों ने बिजली, खाद, तहसील और लोक निर्माण विभाग में कथित भ्रष्टाचार सहित कई मुद्दों पर भी आवाज उठाई।
बैठक की अध्यक्षता ओमवीर सिंह ने की, जबकि संचालन तहसील अध्यक्ष मोनू टिकरी और हर्ष चाहल ने किया। इस दौरान मेजर चिंदौड़ी ने किसानों से एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
बैठक में सतबीर सिंह, मेजर सुरेंद्र, संजय सिंह, रामफल शर्मा, सत्येंद्र, सुनील, बबलू, वीरेंद्र, वेदपाल प्रधान, हाजी काशी, पप्पन, पवन, बॉबी, विनोद, उत्तम सहित बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।


