पुलिस ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की।
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
मेरठ। 21 सितंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मेरठ में भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है। वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए एनएच-58 पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस अधीक्षक यातायात राजेश कुमार श्रीवास्तव ने वाहन चालकों और शहरवासियों से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान अनावश्यक रूप से एनएच-58 का प्रयोग न करें। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए वाहन चालक वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
यातायात पुलिस के अनुसार मोदीपुरम फ्लाईओवर, कंकरखेड़ा फ्लाईओवर, रोहटा रोड फ्लाईओवर और बागपत रोड फ्लाईओवर समेत एनएच-58 के प्रमुख हिस्सों पर यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष प्रबंध किए जाएंगे। दिल्ली और गाजियाबाद की ओर से आने वाले वाहन चालकों से भी एनएच-58 का प्रयोग न करते हुए उपलब्ध वैकल्पिक मार्गों से आवागमन करने की अपील की गई है।
पुलिस अधीक्षक यातायात ने लोगों से अपील की है कि वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। इससे यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग मिलेगा और वाहन चालकों को अनावश्यक जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा।


