गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में चल रहा था वांछित, पुलिस ने तीन मुकदमों का आपराधिक इतिहास बताया
सरधना। गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी कन्हैया को सरधना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कन्हैया पुत्र सत्येंद्र निवासी बहादुरपुर, थाना सरधना का रहने वाला है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 19 अगस्त 2026 को कन्हैया समेत 10 आरोपियों के खिलाफ थाना सरूरपुर में गैंगस्टर एक्ट की धारा 2/3 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पहले गैंग बनाकर लूट जैसे गंभीर अपराध किए थे। इसी आधार पर उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इस मामले में कन्हैया वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सरधना के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को सरधना पुलिस ने आरोपी कन्हैया को गिरफ्तार कर लिया।
तीन मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार कन्हैया के खिलाफ थाना सरूरपुर में वर्ष 2025 में बीएनएस और आयुध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज है। थाना पल्लवपुरम में भी वर्ष 2025 में आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा थाना सरूरपुर में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अमित कुमार, उपनिरीक्षक राहुल कुमार, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार, कांस्टेबल नाजिम और कांस्टेबल जगमोहन शामिल रहे।


