cbamazon
उत्तर प्रदेश

28 सितंबर को मेडा और आरटीओ का घेराव करेगी भाकियू

28 सितंबर को मेडा और आरटीओ का घेराव करेगी भाकियू

जिला समीक्षा बैठक में आंदोलन की रणनीति तय, पुराने वाहनों पर कार्रवाई और कच्ची कॉलोनियों के मकानों को अवैध बताने का विरोध

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

मेरठ। भारतीय किसान यूनियन मेरठ की जिला समीक्षा बैठक रविवार को कंकरखेड़ा स्थित फाइव स्टार मैरिज होम में जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में हुई। अध्यक्षता जगपाल जाटोली ने की और संचालन हर्ष चहल ने किया। बैठक में जिले के सैकड़ों गांवों से पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे।

बैठक में परिवहन विभाग की ओर से 10 और 15 साल पुराने वाहनों पर की जा रही कार्रवाई और मेडा द्वारा कच्ची कॉलोनियों में बने मकानों को अवैध बताए जाने के मुद्दे पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने दोनों मामलों को लेकर आगे की रणनीति पर विचार किया।

बैठक के बाद जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने बताया कि दोनों मुद्दों को लेकर सोमवार, 28 सितंबर को मेडा और परिवहन विभाग (आरटीओ) का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ आंदोलन में शामिल होंगे।

अनुराग चौधरी ने कहा कि संगठन के अनुसार इन नीतियों से किसान और आमजन प्रभावित हो रहे हैं। भाकियू दोनों विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों से अपनी मांगों को लेकर जवाब मांगेगी। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर सम्मानजनक तरीके से समाधान नहीं हुआ तो संगठन अनिश्चितकालीन आंदोलन की दिशा में आगे बढ़ेगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।

बैठक में हर्ष चहल, मेजर सुरेंद्र, विनेश, देशपाल, ऋषिपाल, मोनू, सत्येंद्र, मनोज, सरदार जज सिंह, बंटी प्रधान, वीरेंद्र, कृष्णपाल, जगत सिंह, रामफल शर्मा, नरेश आदि मौजूद रहे।