पांच गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, 30 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का सम्मान
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
सरधना। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत विकास खंड सरधना में “आंगन का उत्सव” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों, महिलाओं और परिवारों के लिए पोषण, स्वास्थ्य और जन-जागरूकता का प्रभावी केंद्र बनाना रहा।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने बच्चों और अभिभावकों को पोषण, स्वच्छता, स्वास्थ्य, संतुलित आहार और बाल विकास से संबंधित जानकारी दी। बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियों और मनोरंजक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
इस अवसर पर पांच गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की गई। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाली 30 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र, साड़ी, फल और मिठाई देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में “पोषण भी, पढ़ाई भी” विषय पर स्टॉल लगाए गए। इनमें पोषाहार से तैयार हलवा, लड्डू, बर्फी, खिचड़ी और दलिया जैसी विभिन्न रेसिपियों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसके अलावा ईसीसीई (प्रारंभिक बाल देखभाल एवं शिक्षा) से संबंधित खिलौने, स्टेशनरी और वजन मशीन आदि का भी प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी, मुख्य सेविकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे। इस दौरान लोगों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी जागरूक किया गया।
बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समुदाय की भागीदारी बढ़ाने और बच्चों व महिलाओं के पोषण एवं स्वास्थ्य में सुधार पर विशेष जोर दिया जा रहा है।


