cbamazon
उत्तर प्रदेश

आचार्य वसुनंदी जी के 59वें अवतरण दिवस पर सरधना में भव्य आयोजन

आचार्य वसुनंदी जी के 59वें अवतरण दिवस पर सरधना में भव्य आयोजन

आचार्य श्री 108 वसुनंदी जी महामुनिराज के 59वें अवतरण दिवस पर हुआ भव्य धार्मिक आयोजन

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

सरधना। धर्मनगरी सरधना में शनिवार को आचार्य भगवान श्री 108 वसुनंदी जी महामुनिराज के 59वें अवतरण दिवस पर भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पहली बार 333 माता-बहनों ने एक साथ धर्म चक्र पड़गाहन और आहारचर्या में सहभागिता की। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी में आयोजन का भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।

क्षुल्लक श्री 105 विशंक सागर जी महाराज और क्षुल्लक श्री 105 विश्वरक्ष सागर जी महाराज के सानिध्य में कार्यक्रम आयोजित हुआ। गांधी नगर स्थित पार्क में धर्म चक्र पड़गाहन का आयोजन किया गया, जबकि पाण्डुक शिला स्थित विद्योदय निलय में आहारचर्या संपन्न हुई।

333 माता-बहनों के एक साथ धर्म चक्र पड़गाहन और आहारचर्या में शामिल होने का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। धार्मिक जयघोष और भक्तिमय माहौल के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में शामिल होकर धर्मलाभ लिया।

धार्मिक पात्रों ने बढ़ाई आयोजन की शोभा

कार्यक्रम में विभिन्न धार्मिक पात्रों का रूप धारण कर श्रद्धालुओं ने भी सहभागिता की। राजकुमारी चंदनवाला की भूमिका भव्या जैन, राजपुत्री राजुल की प्रेक्षा जैन, महारानी चेलना की प्रियंका जैन, जनकनंदनी सीता की आंचल जैन, सर्वांग सुंदरी अंजना की आकाशी जैन, राजरानी मैना सुंदरी की नेहा जैन और महारानी विशल्या की रिया जैन ने निभाई।

आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने धार्मिक भावनाओं के साथ सहभागिता की और इसे सरधना की धार्मिक परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर बताया।

श्रद्धालुओं के लिए सात्विक भोजन की व्यवस्था

कार्यक्रम के बाद श्रद्धालुओं के लिए सात्विक भोजन की व्यवस्था कुणाल जैन, मनीष जैन, अक्षत जैन और उदित जैन, श्री बाहुबली ट्रेडर्स की ओर से की गई।

इस अवसर पर मामचंद जैन, पंकज जैन, राजीव जैन, रोहित जैन, आकाश जैन, सौरभ जैन, सागर जैन, ऋषभ जैन, अभिषेक जैन समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।