cbamazon
उत्तर प्रदेश

*आरकेजीआईटी में फिल्म ‘आर्यभट्ट का ज़ीरो’ का प्रमोशन, सितारों संग झूमे छात्र*

*आरकेजीआईटी में फिल्म ‘आर्यभट्ट का ज़ीरो’ का प्रमोशन, सितारों संग झूमे छात्र*

बुलन्द संदेश ब्यूरो

 

गाज़ियाबाद,(आशा चौधरी) 31 जुलाई 2026। राज कुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आरकेजीआईटी), गाज़ियाबाद में शुक्रवार को आगामी फिल्म ‘आर्यभट्ट का ज़ीरो’ के प्रमोशन के लिए भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अभिनेता हिमांश कोहली, अभिनेत्रियां सोनाली सहगल एवं दर्शना बनिक, निर्देशक कमल चंद्र, निर्माता बीरेंद्र भगत तथा प्रसिद्ध गायक एवं संगीतकार मनन भारद्वाज ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। फिल्मी सितारों के आगमन पर विद्यार्थियों ने जोरदार तालियों के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ फिल्म की पूरी टीम के स्वागत के साथ हुआ। संस्थान की ओर से वाइस चेयरमैन अक्षत गोयल, ग्रुप एडवाइज़र डॉ. लक्ष्मण प्रसाद, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. डी. के. चौहान, डायरेक्टर डॉ. बी. सी. शर्मा, डीन एकेडमिक्स डॉ. आर. के. यादव, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर एच. जी. गर्ग तथा चेयरमैन, स्टूडेंट्स एक्टिविटीज काउंसिल आलोक त्यागी ने फिल्म की टीम के सदस्यों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

संवाद सत्र के दौरान अभिनेता हिमांश कोहली मंच से उतरकर सीधे विद्यार्थियों के बीच पहुंचे और उनसे आत्मीय संवाद किया। उन्होंने छात्रों के साथ हंसी-मजाक किया, सेल्फी लीं तथा कुछ विद्यार्थियों को मंच पर आमंत्रित कर उनके साथ रोचक गतिविधियों में भाग लिया। इससे कार्यक्रम स्थल तालियों, ठहाकों और उत्साह से गूंज उठा। अभिनेत्रियों सोनाली सहगल एवं दर्शना बनिक ने विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर दिए और फिल्म से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।

निर्देशक कमल चंद्र ने फिल्म की विषयवस्तु और निर्माण प्रक्रिया पर प्रकाश डाला, जबकि निर्माता बीरेंद्र भगत ने फिल्म निर्माण की चुनौतियों से विद्यार्थियों को अवगत कराया। गायक एवं संगीतकार मनन भारद्वाज ने अपने संगीत सफर के अनुभव साझा करते हुए युवाओं को अपनी प्रतिभा पर विश्वास रखने और निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों, विभागाध्यक्षों एवं संस्थान के अधिकारियों ने भाग लिया। संस्थान के पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ कला, सिनेमा और मनोरंजन जगत से जोड़ते हैं तथा उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन आभार ज्ञापन, स्मृति-चिह्न वितरण एवं समूह छायाचित्र के साथ हुआ।