घटतौली और अवैध डग्गामार वाहनों पर भी होगी कार्रवाई, राजस्व वसूली में तेजी लाने को कहा
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
मेरठ। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह की अध्यक्षता में कर-करेत्तर, राजस्व संग्रह और राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने अधिकारियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध खनन की शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए सरधना और मवाना क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाने को कहा।
डीएम ने निर्देश दिए कि अवैध खनन में लिप्त पाए जाने वाले लोगों और जिम्मेदार विभागीय कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। बाट-माप विभाग को पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी, गन्ना कांटों, डेयरी प्लांट और दुकानों पर नियमित जांच करने के निर्देश दिए। घटतौली मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।
त्योहारों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश।डीएम ने आगामी त्योहारों को देखते हुए रामलीला मैदान, शोभायात्रा मार्गों और मेला स्थलों पर बिजली, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध शराब की बिक्री रोकने और अवैध डग्गामार वाहनों व टैक्सी स्टैंड के खिलाफ अभियान चलाने को भी कहा।
नगर पालिका और नगर पंचायतों को सफाई व्यवस्था बेहतर करने, जलभराव की समस्या दूर करने और खराब स्ट्रीट लाइट ठीक कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों का जल्द और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने पर भी जोर दिया गया।इस दौरान बैठक में एडीएम प्रशासन विजय वर्धन तोमर, एडीएम वित्त एवं राजस्व कुंवर वीरेंद्र मौर्य, नगर मजिस्ट्रेट पंकज दीक्षित, सभी एसडीएम, नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


