लावड़ की डूंडा कॉलोनी में इंचौली पुलिस की कार्रवाई, तीन बोरे भी मिले
संवाददाता जावेद अब्बासी
मेरठ। इंचौली पुलिस ने अवैध पटाखों की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन बोरे और 27 कार्टून में भारी मात्रा में विभिन्न प्रकार के ज्वलनशील पटाखे बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लावड़ की डूंडा कॉलोनी में अवैध रूप से पटाखे बेचे जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम निवासी लावड़, रवि निवासी लावड़ और दीपक निवासी लावड़ के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक बरामद पटाखों में फुलझड़ी, अनार, रॉकेट, चरखी, सुतली बम, बिजली बम, स्काई शॉट और थंडर बम समेत कई प्रकार के पटाखे शामिल हैं।
इंचौली थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा संख्या 270/2026 धारा 9(बी)(1बी) विस्फोटक अधिनियम, 1884 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कर्मवीर सिंह, उपनिरीक्षक कुमार गौरव सिंह, उपनिरीक्षक पुनीत कुमार गौतम, हेड कांस्टेबल शिवकुमार और हेड कांस्टेबल सुबोध राणा शामिल रहे।


