बुलन्द संदेश ब्यूरो
प्रीत विहार उपकेंद्र पर लाइनमैन और टीजी-2 कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य प्रणाली व दुर्घटना रोकथाम के दिए गए टिप्स
संवाददाता: जावेद अब्बासी
मेरठ। बिजली कार्यों के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने और कर्मचारियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) ने हापुड़ के 33/11 केवी प्रीत विहार विद्युत उपकेंद्र पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें टीजी-2 और लाइनमैन कर्मचारियों को विद्युत सुरक्षा और सुरक्षित कार्य प्रणाली का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में कर्मचारियों को विद्युत सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग, उपकेंद्र पर सुरक्षित तरीके से कार्य करने, ट्रांसफार्मरों के रखरखाव, सुरक्षा किट के प्रयोग तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के उपयोग का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी कराया।
अधिकारियों ने कहा कि नियमित प्रशिक्षण से कर्मचारियों की कार्यकुशलता बढ़ती है और विद्युत दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। साथ ही इससे उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में भी मदद मिलती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मचारियों को विद्युत कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने और पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता (मुख्यालय) अभिषेक श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता सुशील कुमार तथा सहायक अभियंता (मीटर) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


