बुलंद संदेश ब्यूरो
शिकारपुर। तहसील क्षेत्र के ग्राम बोहिच मीरापुर में मंदिर की खंडित मूर्ति को लेकर ग्रामीणों में व्याप्त आक्रोश के बीच भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस प्रशासन एवं ग्रामीणों से वार्ता की। बताया गया कि गांव में एक व्यक्ति द्वारा मंदिर में स्थापित देवी-देवता की मूर्ति खंडित किए जाने के बाद विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
भाकियू (टिकैत) के हस्तक्षेप के बाद हुई वार्ता में सहमति बनी कि खंडित मूर्ति को विधिवत हटाकर शुक्रवार तक नई मूर्ति उपलब्ध कराकर मंदिर में स्थापित कराई जाएगी। पुलिस प्रशासन ने निर्धारित समय में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने का आश्वासन दिया। वार्ता के बाद ग्रामीणों ने शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने पर सहमति जताई।
उल्लेखनीय है कि ग्राम बोहिच मीरापुर भाजपा सांसद डॉ. भोला सिंह का पैतृक गांव भी बताया जाता है।


