डकैती, लूट, हत्या और हत्या के प्रयास समेत गंभीर अपराधों में संलिप्त अपराधियों पर कसा शिकंजा
मेरठ। जनपद में अपराधियों पर शिकंजा कसने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए मेरठ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 23 अक्टूबर 2026 को विभिन्न गंभीर अपराधों में संलिप्त कुल 24 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली है। इस कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखना और अपराध की पुनरावृत्ति रोकना है।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन के आदेशानुसार, पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र के पर्यवेक्षण और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।
हत्या के प्रयास के सात आरोपियों की हिस्ट्रीशीट
पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, अपराधवार कार्रवाई में डकैती के दो, लूट के चार, हत्या के दो, गौकशी के एक, नकबजनी के तीन, हत्या के प्रयास के सात, अवैध शस्त्र के दो और धोखाधड़ी के तीन मामलों से संबंधित अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। इस तरह कुल 24 अपराधियों को निगरानी के दायरे में लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से गंभीर एवं आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। साथ ही अपराधों की पुनरावृत्ति रोकने और जनपद में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए निगरानी व्यवस्था प्रभावी बनाई जाएगी।


