गन्ने का मूल्य बढ़ाने की मांग उठाई, बोले- शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना लोकतंत्र में सभी का अधिकार
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
सरूरपुर। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत का रविवार को भूनी चौराहे पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। वह नरेश टिकैत क्रिकेट अकादमी का उद्घाटन करने जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने किसानों की समस्याओं के साथ छात्र और मजदूरों से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी बात रखी।
नरेश टिकैत ने कहा कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, ऐसे में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना चाहिए। उन्होंने सरकार से गन्ने का मूल्य बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि आज किसान ही नहीं, बल्कि छात्र, मजदूर और समाज के दूसरे वर्ग भी अपनी समस्याओं को लेकर परेशान हैं। सरकार को सभी वर्गों की बात सुनकर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन के दौरान लोगों को रोके जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग उठाना लोगों का अधिकार है। उन्होंने आंदोलनों से जुड़े लोगों के कथित उत्पीड़न पर नाराजगी जताते हुए सरकार से बातचीत के जरिए समस्याओं का समाधान निकालने की अपील की।
उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज उठाती रहेगी।
स्वागत कार्यक्रम में भाकियू के पश्चिमी उत्तर प्रदेश संगठन मंत्री राजकुमार करनावल, अशफाक प्रधान सहित संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।


