cbamazon
उत्तर प्रदेश

चेहल्लुम मेले को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद: एएसपी उत्तरी कुलदीप सिंह ने गांव ओवरी में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

चेहल्लुम मेले को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद: एएसपी उत्तरी कुलदीप सिंह ने गांव ओवरी में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

 बुलन्द संदेश/ मोनू सिंह

 असमोली/थाना असमोली क्षेत्र के गांव ओवरी में आयोजित होने वाले चेहल्लुम मेले और जुलूस को शांतिपूर्ण व सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी सिलसिले में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) कुलदीप सिंह ने गांव ओवरी पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से धरातलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ थाना प्रभारी निरीक्षक मोहित चौधरी और मंसूरपुर चौकी प्रभारी रोहित मलिक भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने पुलिस बल के साथ जुलूस के पारंपरिक मार्गों और मेला परिसर का पैदल भ्रमण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए स्थानीय आयोजकों तथा गांव के गणमान्य नागरिकों से वार्ता की। एएसपी उत्तरी ने सभी से त्योहार को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की और स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने या किसी भी प्रकार का उपद्रव फैलाने की कोशिश करने वालों से पुलिस बेहद सख्ती से निपटेगी।

स्थल का जायजा लेने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी मोहित चौधरी और मंसूरपुर चौकी प्रभारी रोहित मलिक को सुरक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने मेले के दौरान निरंतर पुलिस गश्त बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण के लिए पुख्ता बैरिकेडिंग करने और सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर पैनी नजर रखने की हिदायत दी। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र के असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही तत्काल सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।