दौराला पुलिस ने हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित युवक को घर से पकड़ा
दौराला। छात्रों को स्कॉर्पियो से टक्कर मारकर घायल करने के मामले में दौराला पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर 2026 को एक महिला की तहरीर पर स्कॉर्पियो चालक हर्ष अहलावत के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि चालक ने वाहन से महिला की बेटी समेत अन्य छात्रों को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
शुरुआत में पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 281, 125(ए) और 125(बी) के तहत मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर इन धाराओं को हटाकर मुकदमे में धारा 109(1) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस ने बताया कि वांछित आरोपी हर्ष अहलावत पुत्र स्वर्गीय पुष्पेंद्र, निवासी वार्ड नंबर 11 मनोहरपुरी, कस्बा व थाना दौराला को गुरुवार दोपहर में उसके घर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी की उम्र 22 वर्ष है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक इंदू सैनी, कांस्टेबल अरुण कुमार और कांस्टेबल संदीप कुमार शामिल रहे।


