बुलन्द संदेश ब्यूरो
मुरादनगर। (नासिर मंसूरी) श्रावण मास के शुरू होते ही गंगनहर पटरी व पाइपलाइन रोड पर कांवड़ियों का हुजूम उमड़ना शुरू हो गया है। दो दिन के अंदर इस रोड से तीन हजार से अधिक कांवड़िया गुजर चुके है। चुंगी नंबर तीन पर लोगों ने उनका फूल बरसाकर स्वागत किया। चुंगी नंबर तीन स्थित कांवड़ सेवा शिविर में 30 कांवड़ियों का जत्था पहुंचा, जिनका फूल बरसा कर स्वागत किया गया। कांवड़ियों ने बताया कि उमस भरी गर्मी से परेशानी हो रही है। रास्ते में किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं हुई है। कांवड़ सेवा शिविरों में हर सुविधा उपलब्ध हो रही है। इसके अलावा गंगोत्री, यमुनोत्री, हरिद्वार और ऋषिकेश से राजस्थान, हरियाणा व दिल्ली के शिवभक्त कांवड़ लेकर आ रहे है। शिवभक्त 21 किलो से लेकर 100 किलो जल लेकर आ रहे है।

परशुराम सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद मिश्रा अपनी टीम के साथ कांवड़ियों का स्वागत कर रहे है। इसके अलावा दिल्ली मेरठ रोड पर भी कांवड़ियों की सख्यां दिन ब दिन बढ़ती जा रही है।


