cbamazon
उत्तर प्रदेश

डीएम ने स्कूलों का किया औचक निरीक्षण, बच्चों से पूछे सवाल

डीएम ने स्कूलों का किया औचक निरीक्षण, बच्चों से पूछे सवाल

मवाना खुर्द और पहाड़पुर के विद्यालयों में पठन-पाठन व व्यवस्थाओं का लिया जायजा, सुधार के दिए निर्देश

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

मेरठ। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के साथ उच्च प्राथमिक विद्यालय कन्या मवाना खुर्द और उच्च प्राथमिक विद्यालय पहाड़पुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में पठन-पाठन, विद्यार्थियों की उपस्थिति और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।

डीएम ने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से बातचीत की और सामान्य ज्ञान, विज्ञान, गणित तथा अंग्रेजी से संबंधित सवाल पूछे। विद्यार्थियों के जवाब सुनकर उन्होंने उनकी शैक्षिक समझ की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की विषयगत समझ बेहतर करने और शिक्षण कार्य को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था, कक्षाओं और विद्यालय परिसर की साफ-सफाई समेत अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई बेहतर रखने और जरूरी रखरखाव के कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने विद्यार्थियों की कॉपियां भी देखीं। उन्होंने शिक्षकों से नियमित रूप से कॉपियों का मूल्यांकन कराने और विद्यार्थियों को उनकी कमियों के बारे में आवश्यक मार्गदर्शन देने को कहा।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास किए जाने चाहिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, संबंधित अधिकारी और विद्यालयों के शिक्षक मौजूद रहे।