बुलंद संदेश ब्यूरो
सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी के नेतृत्व में चला अभियान, दोबारा अतिक्रमण करने पर कारोबार सील करने की चेतावनी
मथुरा। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नगर निगम ने शुक्रवार को डीगगेट क्षेत्र में व्यापक अभियान चलाया। सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने डीगगेट स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा से लेकर मेवाती मोहल्ला मस्जिद तक तथा आसपास की सड़कों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। अभियान के दौरान सड़क पर रखा कबाड़ हटवाया गया और नियमों का उल्लंघन करने वाले कई कारोबारियों के चालान भी काटे गए।
नगर निगम को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि फल गोदाम संचालकों, कबाड़ी कारोबारियों और अन्य व्यापारियों द्वारा सड़क पर सामान एवं कबाड़ रखकर अतिक्रमण किया जा रहा है। इससे क्षेत्र में छोटे और बड़े वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही थी और राहगीरों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए नगर निगम ने पुलिस के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाया।

अभियान के दौरान नगर निगम कर्मचारियों और डीगगेट पुलिस टीम ने सड़क पर फैले कबाड़ और अन्य अतिक्रमण को हटवाया। अधिकारियों ने कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सार्वजनिक सड़क और फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का सामान नहीं रखा जाए। कार्रवाई के दौरान कई अतिक्रमणकारियों पर जुर्माना भी लगाया गया।
सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में फल गोदाम संचालक, कबाड़ी या अन्य व्यापारी दोबारा सड़क पर अतिक्रमण करते पाए गए तो उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित कारोबार को सील करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम ऐसे अतिक्रमणकारियों की पहचान कर रहा है, जिनके द्वारा बार-बार सड़क पर कब्जा करने की आशंका रहती है। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।


