जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे खिवाई निवासी सपा नेता
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
सरूरपुर। दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे समाजवादी पार्टी के नेता और खिवाई निवासी सीपी शर्मा उर्फ बबलू पंडित को पुलिस ने बुधवार देर रात उनके घर पर नजरबंद कर दिया। इसके चलते वह दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन में शामिल नहीं हो सके।
बताया गया कि विपक्षी दलों के आह्वान पर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ दिल्ली में धरना-प्रदर्शन प्रस्तावित था। इसमें शामिल होने के लिए सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। सीपी शर्मा भी कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस को इसकी जानकारी मिलने के बाद उनके घर पर निगरानी बढ़ा दी गई और उन्हें बाहर जाने से रोक दिया गया।
सीपी शर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार प्रशासन के माध्यम से विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने से नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोका जा रहा है। सपा नेता ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनता से जुड़े मुद्दे उठाती रहेगी।
वहीं, पुलिस की ओर से इसे एहतियाती कार्रवाई बताया गया है। घटना को लेकर क्षेत्र में दिनभर राजनीतिक चर्चाएं होती रहीं।


