बुलन्द संदेश ब्यूरो
- खुडलिया गांव के सामने बाईपास पर मिला था घायल
- सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
गढ़मुक्तेश्वर (गुफरान अली)।
सिंभावली थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे स्थित खुडलिया गांव के सामने बाईपास पर मंगलवार तड़के एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिखेड़ा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 29 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसके पास कोई मोबाइल फोन, पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिले, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। ग्रामीणों के मुताबिक युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों पर कोई स्पष्ट चोट दिखाई नहीं दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब चार बजे बाईपास पर सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना पर चौकी प्रभारी आलोक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को उपचार के लिए सीएचसी सिखेड़ा भेजा, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आया या घटना के पीछे कोई अन्य कारण है। मामले की जांच के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आसपास के थानों से संपर्क कर मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे।


