cbamazon
उत्तर प्रदेश

गांधी-शास्त्री जयंती पर निकली प्रभात फेरी, शहीदों को किया नमन

गांधी-शास्त्री जयंती पर निकली प्रभात फेरी, शहीदों को किया नमन

डीएम के नेतृत्व में गांधी आश्रम से शहीद स्मारक तक पहुंची प्रभात फेरी, कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण और विचार गोष्ठी हुई

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

मेरठ। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर बुधवार को जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान लोगों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह के नेतृत्व में गांधी आश्रम से शहीद स्मारक तक प्रभात फेरी निकाली गई। शहीद स्मारक पहुंचकर डीएम ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इसके बाद ध्वजारोहण और राष्ट्रगान हुआ।

इस अवसर पर डीएम ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सामाजिक समरसता और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की मिसाल कायम की। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों के आदर्श आज भी समाज और देश के लिए प्रासंगिक हैं। सभी को अपने कार्य पूरी ईमानदारी और निष्ठा से करने चाहिए।

इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यक्रम आयोजित हुआ। डीएम ने गांधी और शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की। अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी। कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान और रामधुन का सामूहिक गायन किया गया।

विचार गोष्ठी में अधिकारियों और कर्मचारियों ने गांधी और शास्त्री के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्र के प्रति योगदान पर विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन त्याग, सादगी, सत्य, अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है।

डीएम ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं हैं, बल्कि देश के प्रति अपने दायित्वों को याद करने का भी अवसर हैं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य लोग और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।