cbamazon
उत्तर प्रदेश

गांधी-शास्त्री जयंती पर सफाई मित्रों और छात्राओं का सम्मान

गांधी-शास्त्री जयंती पर सफाई मित्रों और छात्राओं का सम्मान

नगर पालिका में ध्वजारोहण के बाद स्वच्छता की शपथ, निकाली गई जागरूकता रैली

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

सरधना। नगर पालिका में शुक्रवार को महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ध्वजारोहण, विचार गोष्ठी, स्वच्छता शपथ और सम्मान समारोह हुआ। कार्यक्रम का आयोजन पालिका अध्यक्ष सबीला बेगम और अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत नगर पालिका परिसर में ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में गांधी जी और शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। वक्ताओं ने गांधी जी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश तथा शास्त्री जी के सादगी और ईमानदारी के जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की।

इस दौरान अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला ने अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्रों और नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने स्वयं स्वच्छ रहने, आसपास का वातावरण साफ रखने और सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने का संकल्प लिया।

12 सफाई मित्र सम्मानित

स्वच्छता ही सेवा अभियान में बेहतर कार्य करने वाले 12 सफाई मित्रों को अध्यक्ष और ईओ ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इनमें अमित पार्चा, कमल कुमार, मोहन कुमार, अमित कुमार चौटाला, अनिल, मधुर, रविन, रिंकू, अर्जुन, जयकुमार, अमित बंटी और आकाश शामिल रहे।

विद्यालयों में आयोजित चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली अंशिका, द्वितीय स्थान की रूही और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली तानिया सैनी को प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी दी गई।

निकाली स्वच्छता जागरूकता रैली

कार्यक्रम के बाद नगर पालिका कार्यालय से बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क तक स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में स्वच्छ सारथी क्लब के छात्र-छात्राओं, स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडर और स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। देशभक्ति गीतों के साथ निकली रैली में स्वच्छता का संदेश दिया गया। आंबेडकर पार्क में बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद रैली वापस पालिका कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुई।इस मौके पर सभासद, पालिका अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता कर्मी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।