सरूरपुर पुलिस और स्वाट टीम देहात की संयुक्त कार्रवाई, आरोपी पर कई मुकदमे दर्ज
सरूरपुर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरूरपुर पुलिस और स्वाट टीम देहात ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल शर्मा पुत्र राजवीर सिंह निवासी जंगेठी, थाना कंकरखेड़ा के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 34 वर्ष है।पुलिस ने बताया कि 19 अगस्त 2026 को थाना सरूरपुर में गैंगचार्ट के आधार पर गैंग लीडर निक्की तालियान उर्फ विशाल और उसके अन्य साथियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मुकदमे में राहुल शर्मा भी वांछित था।
राहुल की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ की ओर से 16 सितंबर को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस और स्वाट टीम देहात लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, राहुल शर्मा के खिलाफ मेरठ के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी, मारपीट, गैंगस्टर एक्ट, आयुध अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी गौरव सिंह, स्वाट टीम देहात, उपनिरीक्षक सुभाष सिंह, उपनिरीक्षक नीरज कुमार, रिजर्व कांस्टेबल हरिओम सोलंकी और कैलाश पति शामिल रहे।


