बुलन्द संदेश ब्यूरो
गाजियाबाद (आशा चौधरी) भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के दिशानिर्देशानुसार नंदग्राम मंडल में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धा, भक्ति एवं भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं से ओत-प्रोत एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत पूज्य महंतों एवं गुरुजनों का अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया।इस अवसर पर गुरु शिरोमणि संत गुरु रविदास जी के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। दीपों की दिव्य आभा एवं भक्तिमय वातावरण ने कार्यक्रम को अत्यंत प्रेरणादायी और आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) दिनेश कुमार गोयल ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। गुरु ही समाज को ज्ञान, संस्कार एवं सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने संत गुरु रविदास जी के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को आत्मसात कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा एवं सद्भाव की भावना पहुँचाने का आह्वान किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता नंदग्राम मंडल अध्यक्ष हेमंत त्यागी ने की, जबकि कार्यक्रम का सफल संयोजन सुरेंद्र गहलोत द्वारा किया गया। कार्यक्रम में नंदग्राम मंडल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के अनेक सम्मानित नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितजनों ने गुरु परंपरा के आदर्शों एवं संत गुरु रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने तथा समाज में सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रसेवा के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।


