cbamazon
उत्तर प्रदेश

GDA से जयपुरिया सनराइज ग्रीन के G-ब्लॉक निवासियों की गुहार, सड़क की चौड़ाई घटाने और सुरक्षा से समझौते के आरोप

GDA से जयपुरिया सनराइज ग्रीन के G-ब्लॉक निवासियों की गुहार, सड़क की चौड़ाई घटाने और सुरक्षा से समझौते के आरोप

बुलन्द संदेश /ब्यूरो

गाजियाबाद(आशा चौधरी)

मेरठ एक्सप्रेस-वे (एनएच-24) स्थित बमेटा ग्राम के निकट गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) से स्वीकृत जयपुरिया सनराइज ग्रीन योजना के G-ब्लॉक के निवासियों ने मंगलवार को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री नंदकिशोर कलाल से मुलाकात कर बिल्डर की कथित अनियमितताओं और लंबे समय से लंबित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।बताया गया कि योजना के G-ब्लॉक में करीब 200 परिवार निवास कर रहे हैं। इस परियोजना का विकास SMV एजेंसी के माध्यम से कराया गया है। निवासियों का आरोप है कि GDA द्वारा स्वीकृत नक्शे में कॉलोनी की आंतरिक सड़क की चौड़ाई 9 मीटर निर्धारित है, जबकि मौके पर मुख्य सड़क को केवल करीब 7.3 मीटर चौड़ा छोड़ दिया गया है। इससे वाहनों के आवागमन, आपातकालीन सेवाओं और भविष्य में बढ़ने वाले यातायात को लेकर गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि कॉलोनी की सुरक्षा के लिए बनाई गई बाउंड्री वॉल में बाहरी क्षेत्र की ओर कथित रूप से अनधिकृत रूप से गेट खोल दिया गया है।

उनका कहना है कि यह कार्य बाहरी डेवलपर के साथ मिलीभगत से किया गया, जिससे कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई है और बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ने से महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो गया है।G-ब्लॉक के लगभग 20 निवासियों के प्रतिनिधिमंडल ने उपाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि इस संबंध में कई बार गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के पोर्टल पर शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन अब तक केवल औपचारिक या गोलमोल जवाब ही प्राप्त हुए हैं। उनका आरोप है कि न तो कथित अनियमित निर्माण रोका गया और न ही जिम्मेदार पक्षों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।निवासियों ने मांग की कि स्वीकृत नक्शे और वास्तविक निर्माण का तकनीकी सत्यापन कराया जाए, सड़क की चौड़ाई में हुई कथित कमी की जांच कराई जाए, बाउंड्री वॉल में बनाए गए गेट की वैधता की जांच हो तथा यदि किसी स्तर पर नियमों का उल्लंघन पाया जाए तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई और भविष्य में किसी प्रकार की सुरक्षा संबंधी घटना या जनहानि होती है, तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित बिल्डर और संबंधित अधिकारियों की होगी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले से राज्य के उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया जाएगा ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके।निवासियों ने प्रशासन और गाजियाबाद विकास प्राधिकरण से मांग की है कि जनहित एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जाए, जिससे कॉलोनी में रहने वाले सैकड़ों परिवार सुरक्षित वातावरण में जीवन व्यतीत कर सकें।