बुलन्द संदेश ब्यूरो
रजवाहे की पटरी के पास वारदात, अज्ञात हमलावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज
सरधना। थाना क्षेत्र के गांव कुलंजन में बुधवार देर रात घर लौट रहे एक युवक पर अज्ञात हमलावर ने फायरिंग कर दी। गोली के छर्रे पीठ में लगने से युवक घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई।
जानकारी के अनुसार, गांव कुलंजन निवासी वामिक चौधरी मार्केट स्थित एक दुकान पर बाइक मैकेनिक का काम सीखता है। बुधवार रात वह काम खत्म कर साइकिल से घर लौट रहा था। जैसे ही वह गांव के बाहरी छोर पर रजवाहे की पटरी के पास पहुंचा, पीछे से आए एक अज्ञात युवक ने उस पर फायर कर दिया।
फायरिंग में छर्रे वामिक की पीठ में लगे। युवक के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुका था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।
पुलिस ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि हमले के कारणों का पता लगाया जा रहा है और आरोपी की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।


