बुलन्द संदेश/ मौहम्मद फिरोज
सम्भल। पुलिस ने साइबर अपराध के एक बड़े मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर अहम सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना हजरतनगर गढ़ी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी जसीम खान पुत्र मोहम्मद जान निवासी थाना हजरतनगर गढ़ी पर बैंक खाते के माध्यम से बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी करने का आरोप था। जांच में सामने आया कि आरोपी ने आईडीबीआई बैंक के एक खाते के जरिए संदिग्ध लेन-देन को अंजाम दिया।खाते में 14 साइबर फ्रॉड से जुड़े मामलों में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किए गए,जिसमें करोड़ों रुपये का लेन-देन हुआ।बताया गया कि 18 जुलाई 2024 से शुरू हुए इन लेन-देन में करीब 1.61 करोड़ रुपये डेबिट और 1.41 करोड़ रुपये क्रेडिट किए गए।आरोपी ने धोखाधड़ी से अर्जित रकम को खाते के माध्यम से निकालकर अपने पास रखा।इस मामले में थाना हजरतनगर गढ़ी में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही थी।शनिवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक शिवशंकर शर्मा सहित पुलिस कर्मी शामिल रहे।पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी के अन्य मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है। इस गिरफ्तारी से जिले में साइबर अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।


