cbamazon
उत्तर प्रदेश

जलभराव और बदहाल सड़कों पर महिलाओं का फूटा गुस्सा, तहसील में गरजीं

जलभराव और बदहाल सड़कों पर महिलाओं का फूटा गुस्सा, तहसील में गरजीं

शिया बाग कॉलोनी की महिलाओं ने नगर पालिका पर लगाया सुविधाएं नहीं देने का आरोप, तहसीलदार ने दिया समाधान का आश्वासन

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

सरधना। शिया बाग कॉलोनी में जलभराव, गंदगी और बदहाल सड़कों की समस्या से परेशान महिलाओं ने शनिवार को तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने नगर पालिका पर पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाते हुए तहसीलदार योगेश चंद को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जल्द समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

कॉलोनी की महिलाओं रुकैय्या, साडमा, वलीसा, वरिसा, सायरा और शमा ने बताया कि कॉलोनी में करीब सैकड़ों परिवार रहते हैं। उनके अनुसार, सड़कों और नालियों की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दौरान गलियों में पानी भर जाता है। इससे लोगों को घरों से निकलने में परेशानी होती है।

महिलाओं का कहना है कि कॉलोनी के खाली प्लॉटों में भी गंदा पानी जमा रहता है। लंबे समय तक पानी जमा रहने से आसपास के मकानों की नींव को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा कूड़ा उठाने की उचित व्यवस्था नहीं होने से कई स्थानों पर गंदगी का ढेर लगा रहता है।

महिलाओं ने आरोप लगाया कि नगर पालिका की ओर से नियमित रूप से कर वसूला जाता है, लेकिन इसके बावजूद कॉलोनी में सड़क, नाली, जल निकासी और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने कॉलोनी में सड़क निर्माण, नालियों की व्यवस्था, जल निकासी, नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण, पेयजल और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराने की मांग की।

महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वह अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगी। उन्होंने आगामी विधानसभा और निकाय चुनाव के बहिष्कार तथा नेताओं के कॉलोनी में प्रवेश का विरोध करने की भी चेतावनी दी। तहसीलदार योगेश चंद ने महिलाओं की समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया।