बुलंद संदेश ब्यूरो
लखनऊ। जन नेता लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा नीट परीक्षा सहित तमाम प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक के विरोध में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत देश भर के छात्रों एवं युवाओं की आवाज उठायी जा रही है, उन्हीं मागों को लेकर राहुल गांधी के रास्ते पर चलते हुए छात्रों, युवाओं की मांग को लेकर सोनम वांग चुक जिस प्रकार दिल्ली के जंतर मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे थे, केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा आज पुलिस के बल पर जबरिया उन्हें अनशन से उठाया गया और बर्बरतापूर्ण तरीके से ढककर उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करा दिया गया, यह पूरी तरह तानाशाही कृत्य है, जिसकी जितनी भी निन्दा की जाय कम है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने आज जारी बयान में कहा कि कांग्रेस पार्टी की सरकार में कभी भी ऐसा नहीं किया गया। संविधान और लोकतंत्र में सभी को आवाज उठाने का अधिकार है। भारतीय जनता पार्टी का न तो कभी संविधान पर विश्वास रहा और न ही लोकतंत्र पर है। देश भर में जहां जहां भारतीय जनता पार्टी की सरकारें हैं वहां लोकतंत्र को कुचला जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सोनम वांग चुक एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उनके द्वारा छात्रों एवं युवाओं के हितों में अनशन किया जा रहा था, सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए थी और पेपर लीक मामले की जांच कराये जाने व केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को तत्काल बर्खास्त करना चाहिए था। लेकिन सत्ता के मद में चूर केन्द्र सरकार ने लोकतंत्र की सभी मर्यादाएं तोड़ते हुए उन्हें पुलिस के द्वारा जबरन अनशन से उठवाकर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।
श्री राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने ब्रितानिया हुकूमत को भी पीछे छोड़ दिया है क्योंकि देश की आजादी के दौरान यदि ऐसा होता तो देश कभी भी आजाद नहीं हो पाता। उन्होने मांग की है कि केन्द्र सरकार तत्काल नीट पेपर लीक मामले की जांच कराये एवं केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को बर्खास्त करे।


