देवबंद में कैंटर की टक्कर से चार श्रद्धालुओं की मौत, 15 से अधिक घायल; गांव में पसरा मातम
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
सरधना। सहारनपुर जिले के देवबंद में शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सरधना क्षेत्र के कुशावली गांव के चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी श्रद्धालु शाकंभरी देवी से माता की ज्योत लेकर पैदल अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बर्तनों से भरे कैंटर ने उन्हें टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु माता के दर्शन करने के बाद ज्योत लेकर पदयात्रा करते हुए गांव लौट रहे थे। शनिवार सुबह देवबंद क्षेत्र में कैंटर की टक्कर लगते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। सड़क पर घायल पड़े श्रद्धालुओं को देखकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में भेजे जाने की जानकारी है।
हादसे की खबर कुशावली गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जिन घरों में श्रद्धालुओं के लौटने का इंतजार हो रहा था, वहां चीख-पुकार और मातम छा गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई। चार श्रद्धालुओं की मौत से हर कोई गमगीन नजर आया।
एक साथ उठीं चार अर्थियां, गांव में पसरा मातम
चार श्रद्धालुओं की अर्थियां एक साथ उठीं तो गांव का माहौल गमगीन हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। पुलिस हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।


