बुलन्द संदेश ब्यूरो
भोला झाल मार्ग के विभिन्न शिविरों का किया भ्रमण, सेवा भाव की सराहना करते हुए सुरक्षित यात्रा की अपील
संवाददाता जावेद अब्बासी
सिवाल खास। राष्ट्रीय लोकदल के पूर्व महासचिव एवं पूर्व विधानसभा प्रभारी रणवीर सिंह दहिया ने सिवाल खास विधानसभा क्षेत्र के भोला झाल मार्ग पर संचालित विभिन्न कांवड़ सेवा शिविरों का दौरा किया। उन्होंने सहयोगियों के साथ शिवभक्तों की सेवा की, उनकी कुशलक्षेम पूछी और शिविरों में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
रणवीर सिंह दहिया ने शेखपुरी में विपिन चौधरी, सिंचाई विभाग के शिव कांवड़ सेवा शिविर, मुकेश गुप्ता एवं उनके साथियों तथा ग्राम सतवाई के कांवड़ सेवा शिविर में पहुंचकर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने भोजन, पेयजल, चिकित्सा और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की जानकारी भी ली।
उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की निस्वार्थ सेवा भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा है। कांवड़ यात्रियों की सेवा करना पुण्य का कार्य है और राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ता हमेशा जनसेवा के कार्यों में आगे रहेंगे।
इस दौरान मोनू ढिंढाला, सत्येंद्र चौधरी (ग्राम बुड्ढा), संदीप चौधरी (मल्लापुर), गौरव चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी शिवभक्तों को जल, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग किया।
रणवीर सिंह दहिया ने शिवभक्तों से शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से कांवड़ यात्रा पूरी करने, यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित जलाभिषेक कर अपने गंतव्य तक पहुंचने की अपील की। उन्होंने सभी सेवा शिविर संचालकों और स्वयंसेवकों के सेवा भाव की सराहना करते हुए उनका आभार भी व्यक्त किया।


