बुलन्द संदेश ब्यूरो
बाबा औघड़नाथ मंदिर की पार्किंग, निर्बाध बिजली, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश
संवाददाता जावेद अब्बासी
मेरठ। कांवड़ यात्रा को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को आयुक्त सभागार में मेरठ मंडल के आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कांवड़ यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 12 अगस्त तक कोई भी अधिकारी या कर्मचारी किसी भी स्थिति में मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। उन्होंने कांवड़ मार्गों, विशेषकर प्रमुख स्थलों पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करके साथ बाबा औघड़नाथ मंदिर के आसपास पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति, शिविरों में सुरक्षित बिजली कनेक्शन, शुद्ध पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था और आंधी-बारिश के कारण सड़क पर गिरे पेड़ों को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए गए। नगर क्षेत्र में घूम रहे निराश्रित गोवंश को गौशालाओं और कांजी हाउस भेजने के लिए भी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।आयुक्त ने कांवड़ मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे,बैरिकेडिंग,साइनेज,प्रकाश व्यवस्था, सड़क मरम्मत,जल निकासी,स्ट्रीट लाइट, बिजली के खंभों को पॉलीथीन से ढकने, ट्रांसफार्मरों को जाली से सुरक्षित करने, शौचालय,मोबाइल टॉयलेट,महिला कांवड़ियों की सुरक्षा,स्वास्थ्य शिविर, बाइक एंबुलेंस, गोताखोर और मोटरबोट जैसी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने पर जोर दिया।बैठक में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह, एसएसपी अविनाश पांडे, मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, डीएफओ वंदना फोगाट, अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


