बुलन्द संदेश /ब्यूरो
अमरोहा (डा.महताब अमरोहवी )
लग भाग डेढ़ सौ वर्ष पुराना अमरोहा नगर पालिका का भवन ही ध्वस्त कराकर तीन मंजिला पालिका भवन बनाया जाएगा। नए पालिका भवन का मॉडल तैयार कर लिया गया है। भवन के निर्माण के लिए शासन से 6.90 करोड़ रुपये का बजट भी अवमुक्त हो गया। पालिकाध्यक्ष शशि जैन ने निर्माणदायी संस्था सीएनडीएस के एई संदीप कुमार के साथ बैठक नये मॉडल में पालिका भवन निर्माण कराने के निर्देश दिए हैं।पालिकाध्यक्ष शशि जैन ने बताया नये मॉडल के रूप में तीन मंजिला पालिका भवन जनता की सुविधाओं से लैस होगा।

इसके लिए शासन से 6.90 करोड़ रुपये का बजट अवमुक्त हो चुका है।पालिका भवन निर्माण के लिए सीएनडीएस के एई संदीप कुमार के साथ पालिकाध्यक्ष शशि जैन व प्रभारी ईओ केशव प्रसाद ने बैठक कर नये मॉडल को अंतिम रूप दिया है। जिसमें विकास विभाग को पत्र व्यवहार कर पुराने पालिका भवन को ध्वस्त कराकर निर्माण शुरू कराया जाएगा। इसमें ग्राउंड तल पर वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। जिसमें 50 कार, 300 बाइकों को खड़े करने की क्षमता होगीसाथ ही जन्म-मृत्यु पटल, कार्यालय, टैक्स, पेंशन, प्रकाश पटल के कक्ष बनाएं जाएंगे। प्रथम फ्लोर पर स्वास्थ्य विभाग, लेखाधिकारी, ईओ आफिस, निर्माण कक्ष, कंट्रोल रूम व टैक्स कक्ष बनाया जाएगा। जबकि द्वितीय फ्लोर पर रिकार्ड रूम, पालिकाध्यक्ष कार्यालय, सभासद सभागार, मीटिंग हाल का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए सीएनडीएस को निर्माण का टेंडर हुआ है। सीएनडीएस शासन में विकास विभाग को पत्र व्यवहार कर निर्माण की अनुमति लेगा। इसके बाद निर्माण शुरू हो जायगा।प्रभारी ईओ केशव प्रसाद ने बताया कि नया पालिका भवन करीब दो साल में बनकर तैयार होगा। इसके लिए पुराना पालिका भवन खाली करके ध्वस्त कराया जाएगा। नगर के लोगों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए पालिका कार्यालय को संचालन के लिए किसी दूसरी जगह शिफ्ट करके चलाया जाएगा। इसके लिए जगह की तलाश जारी शुरू हो गई है।


