cbamazon
उत्तर प्रदेश

मंडी समिति में गौशाला के पानी से जलभराव, पेड़-पौधों पर मंडरा रहा खतरा

मंडी समिति में गौशाला के पानी से जलभराव, पेड़-पौधों पर मंडरा रहा खतरा

खेल मैदान से लेकर रास्तों तक पानी और गंदगी, राहगीरों व क्षेत्रवासियों को हो रही परेशानी

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

सरधना। मंडी समिति सरधना परिसर में अस्थायी गौशाला के पानी की उचित निकासी नहीं होने से जलभराव की समस्या बनी हुई है। जलभराव के कारण मंडी परिसर में लगे पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचने का आरोप है। वहीं रास्तों, खेल मैदान और आसपास के स्थानों पर पानी व गंदगी जमा होने से क्षेत्रवासियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।जनहित में मंडी सचिव, खंड विकास अधिकारी और तहसीलदार सरधना समेत संबंधित अधिकारियों को दिए गए पत्र में आरोप लगाया गया है कि गौशाला का पानी मुख्य नाले में जाने के बजाय मंडी परिसर की ओर छोड़ा जा रहा है। लगातार पानी जमा रहने के कारण मंडी परिसर में लगे कई पेड़ सूख चुके हैं, जबकि कुछ पेड़ों के गिरने की भी बात कही गई है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यदि पानी की निकासी की तत्काल उचित व्यवस्था नहीं की गई तो अन्य पेड़-पौधों को भी नुकसान पहुंच सकता है।

रास्तों पर जलभराव से बढ़ी परेशानी

जलभराव के कारण मंडी परिसर के रास्तों पर पानी और गंदगी जमा हो रही है। सुबह-शाम टहलने आने वाले लोगों के साथ राहगीरों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है। पानी जमा रहने से मच्छरों और गंदगी की समस्या बढ़ने की बात भी कही गई है, जिससे आसपास के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी की चिंता बनी हुई है।

कब्रिस्तान, स्कूल और अस्पताल की दीवारों तक पहुंच रहा पानी

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गौशाला की बाउंड्री से लगा पानी आसपास स्थित कब्रिस्तान, जैन स्कूल और जैन हॉस्पिटल की दीवारों तक पहुंच रहा है। लंबे समय तक जलभराव रहने से इन संपत्तियों की दीवारों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है।

खेल मैदान भी जलभराव की चपेट में

मंडी समिति परिसर में उपलब्ध खेल मैदान में भी पानी भरने से बच्चों और युवाओं की खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। शिकायतकर्ताओं के अनुसार मैदान में जलभराव और कीचड़ के कारण खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने में भी परेशानी हो रही है। खिलाड़ियों के चोटिल होने की आशंका भी जताई गई है।

योग और व्यायाम करने वालों को भी परेशानी

मंडी परिसर में बड़ी संख्या में युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे प्रतिदिन टहलने, योग एवं व्यायाम के लिए आते हैं। जलभराव, गंदगी और मच्छरों के कारण उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थायी समाधान की मांग

जनहित में मांग की गई है कि मंडी समिति प्रशासन मामले का तत्काल संज्ञान लेकर गौशाला के पानी की उचित एवं स्थायी निकासी की व्यवस्था कराए। साथ ही जलभराव वाले स्थानों की सफाई कराने के साथ पेड़-पौधों, खेल मैदान और आसपास की संपत्तियों को संभावित नुकसान से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।ज्ञापन देने वालों में अमनदीप वाल्मीकि, अर्पित चौधरी, अर्जुन, अंशु, रोहित, आशीष, साकिब, अंकित, सावेज, चीनी, सुमित कश्यप, आदिल, सुवेब, सोनू, रिहान, मनीष, आंसू आदि शामिल रहे।