cbamazon
उत्तर प्रदेश

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने पर जोर

बुलन्द संदेश /ब्यूरो

गाजियाबाद (आशा चौधरी ).

मुख्य विकास अधिकारी  की अध्यक्षता में सोमवार को अपराह्न 12:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में ऑफलाइन माध्यम से जनपद में संचालित निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में न्यायालयीन प्रकरण, धनाभाव एवं भूमि विवाद के कारण प्रभावित परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया गया कि सभी बाधाओं का संबंधित पक्षों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र निराकरण करें तथा निर्माण कार्यों को तत्काल गति प्रदान करें।
बैठक में सी एंड डी एस, नगरीय (यूनिट-7) द्वारा मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना (CM-VNY) के अंतर्गत नगर निगम गाजियाबाद में निर्माणाधीन वर्किंग वूमेन हॉस्टल, उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा थाना सिहानीगेट क्षेत्र में पुलिस थाना नंदग्राम भवन तथा HSCC इंडिया लिमिटेड द्वारा ड्रग वेयरहाउस, मोदीनगर (एनएचएम) के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि जनपद में संचालित सभी निर्माण परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं का हस्तांतरण शासन के निर्देशानुसार गठित समिति द्वारा आवश्यक जांच के उपरांत ही किया जाए। साथ ही, किसी भी परियोजना में यदि किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न होती है तो उसकी सूचना तत्काल उपलब्ध कराकर उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की CMIS पोर्टल पर नियमित एवं समयबद्ध अद्यतन प्रविष्टियां सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने सहायक श्रमायुक्त को निर्देशित किया कि वे श्रमिकों के कल्याण हेतु विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का प्रस्तुतीकरण कार्यदायी संस्थाओं के समक्ष करें, ताकि निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
बैठक में समस्त कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, परियोजना अधिकारी (नेडा) सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य विकास अधिकारी ने अंत में सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि जनपद में संचालित समस्त निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करना सर्वोच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित किया जाए।