विकास भवन में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण, मेरठ में 2039 विद्यार्थियों के खातों में पहुंची 51.50 लाख रुपये की छात्रवृत्ति
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
मेरठ। सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को विकास भवन सभागार में छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने 181 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए।
लखनऊ के लोक भवन सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए। प्रदेश में अल्प आय वर्ग के पूर्वदशम और दशमोत्तर कक्षाओं के 4.60 लाख से अधिक विद्यार्थियों के आधार सीडेड बैंक खातों में 148 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि भेजी गई।
मेरठ में विकास भवन सभागार में राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी, मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल और खरखौदा ब्लॉक प्रमुख अतुल त्यागी ने 181 छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए। अन्य विद्यार्थियों को उनके विद्यालयों में प्रधानाचार्यों के माध्यम से प्रमाण पत्र दिए गए।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि जिले में पूर्वदशम (कक्षा 9-10) और दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत विभिन्न वर्गों के 2039 विद्यार्थियों के आधार सीडेड बैंक खातों में कुल 51.50 लाख रुपये की धनराशि अंतरित की गई है।
उन्होंने बताया कि सामान्य, पिछड़ा और अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों को पूरी छात्रवृत्ति राशि भेजी गई है। अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को 40 प्रतिशत धनराशि राज्यांश के रूप में प्राप्त हुई है, जबकि शेष 60 प्रतिशत केंद्रांश की धनराशि केंद्र सरकार द्वारा सीधे विद्यार्थियों के आधार सीडेड बैंक खातों में भेजी जाएगी। जिन विद्यार्थियों का डाटा कॉलेज स्तर से आगे भेजा जा रहा है, उन्हें अगले चरण में छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का भुगतान किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी शैलेश राय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सिद्धांत शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश कुमार शुक्ल, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रशांत चौधरी सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


