बुलन्द संदेश ब्यूरो
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने की समीक्षा, महाभारतकालीन गंगा मंदिर समेत धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के विकास को मिली प्राथमिकता
संवाददाता: जावेद अब्बासी
मेरठ। उत्तर प्रदेश सरकार ने मेरठ मंडल को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार को आयुक्त सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने वर्ष 2026-27 की पर्यटन परियोजनाओं पर विस्तार से मंथन किया। बैठक में करीब 50.45 करोड़ रुपये की 27 परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ तय समय में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों को पर्यटन से जोड़कर स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना चाहती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर और हापुड़ के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के विकास पर चर्चा हुई। प्रस्तावित परियोजनाओं में महाभारतकालीन गंगा मंदिर, विश्वनाथ महादेव मंदिर, मां चामुंडा देवी मंदिर, गुरु गोरखनाथ मंदिर, भूतेश्वर शिव मंदिर, मां संतोषी माता मंदिर सहित कई धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और पर्यटक सुविधाओं के विस्तार की योजना शामिल है। इसके अलावा ब्रजघाट क्षेत्र के पर्यटन विकास को भी विशेष प्राथमिकता दी गई।
संस्कृति विभाग की ओर से किठौर के रामलीला मैदान के विकास एवं सौंदर्यीकरण तथा बुलंदशहर के शिकारपुर में शहीद स्मारक निर्माण के प्रस्ताव भी बैठक में प्रस्तुत किए गए। मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और वीर सैनिकों के बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
बैठक में वर्ष 2024-25 और 2025-26 की निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने जिला प्रशासन को नियमित निरीक्षण करने और कार्यदायी संस्थाओं को स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पर्यटन परियोजनाएं केवल निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्थानीय पहचान, रोजगार और आर्थिक विकास का मजबूत माध्यम बनेंगी।बैठक में आयुक्त मेरठ मंडल भानु चंद्र गोस्वामी, मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल,सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद,सीडीओ नूपुर गोयल,क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी दीपिका सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


