cbamazon
उत्तर प्रदेश

मेरठ में होटल पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देह व्यापार के आरोप में छह युवतियां समेत कई लोग हिरासत में

मेरठ में होटल पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देह व्यापार के आरोप में छह युवतियां समेत कई लोग हिरासत में

बुलन्द संदेश /ब्यूरो

'ड्रीम हॉलिडे' होटल में छापेमारी के दौरान आपत्तिजनक हालत में मिले युवक-युवतियां, व्हाट्सएप के जरिए बुकिंग का आरोप; होटल संचालक भी जांच के दायरे में

 

संवाददाता जावेद अब्बासी 

 

 

मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित 'ड्रीम हॉलिडे' होटल में मंगलवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित देह व्यापार के नेटवर्क का खुलासा किया। मुखबिर की सूचना और मिली शिकायतों के आधार पर पुलिस ने होटल में छापेमारी की, जहां से छह युवतियों सहित कई युवक हिरासत में लिए गए। पुलिस ने कमरों से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होटल में ग्राहकों से संपर्क करने और युवतियों की बुकिंग के लिए व्हाट्सएप का इस्तेमाल किया जाता था। आरोप है कि ग्राहकों को युवतियों की तस्वीरें भेजकर उनकी पसंद के अनुसार सौदा तय किया जाता था और इसके बदले मोटी रकम वसूली जाती थी।

छापेमारी के दौरान होटल में अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद सभी को थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी गई।

पुलिस ने होटल का रजिस्टर, बुकिंग रिकॉर्ड, कंप्यूटर और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही होटल संचालक, मैनेजर और पूरे नेटवर्क की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। ऑनलाइन भुगतान और मोबाइल नंबरों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। यदि होटल संचालन में नियमों का उल्लंघन पाया गया तो होटल के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद शहर के होटल और गेस्ट हाउस संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी होटल, लॉज या गेस्ट हाउस में अवैध या अनैतिक गतिविधियां किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और ऐसे मामलों में लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।