यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, 32.47 लाख रुपये से अधिक का शमन शुल्क वसूला
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
मेरठ। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सितंबर माह में मेरठ यातायात पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक यातायात के पर्यवेक्षण में एक से 30 सितंबर तक हुई कार्रवाई में कुल 27,357 चालान किए गए। पुलिस के अनुसार इनसे 32,47,500 रुपये शमन शुल्क प्राप्त हुआ।
पुलिस के मुताबिक बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने पर 3,252 चालान किए गए और 7.50 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला गया। तीन सवारी बैठाकर चलने पर 2,845 चालान कर 75 हजार रुपये, अवैध पार्किंग के 2,989 चालान कर 1.62 लाख रुपये और बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने पर 1,823 चालान कर 92 हजार रुपये शमन शुल्क प्राप्त हुआ।
बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र के 1,982 चालान किए गए, जिनसे 1.58 लाख रुपये शमन शुल्क प्राप्त हुआ। गलत लेन या रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 2,304 चालान कर 1.30 लाख रुपये, जबकि निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने पर 3,512 चालान किए गए। इनसे 16.06 लाख रुपये शमन शुल्क प्राप्त हुआ।
बिना एचएसआरपी या खराब नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इस श्रेणी में 2,265 चालान कर 1.20 लाख रुपये शमन शुल्क प्राप्त हुआ। अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन में 6,385 चालान किए गए, जिनसे 1.54 लाख रुपये शमन शुल्क प्राप्त हुआ।
वाहन चालकों को किया जागरूक
यातायात पुलिस ने अभियान के दौरान वाहन चालकों और आम नागरिकों को यातायात नियमों, सड़क अनुशासन और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक भी किया। आगामी त्योहारों, मेलों और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए संदिग्ध वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
यातायात पुलिस के अनुसार अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, रॉन्ग साइड वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
यातायात संबंधी समस्या या सुझाव के लिए ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454404000 पर संपर्क किया जा सकता है।


