07 को उत्कृष्ट सेवा और 92 पुलिसकर्मियों को अति उत्कृष्ट सेवा सम्मान पदक, डीआईजी कलानिधि नैथानी ने दी बधाई
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
मेरठ। मेरठ परिक्षेत्र के जनपदों में तैनात 99 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी उल्लेखनीय एवं सराहनीय सेवाओं के लिए गृह मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से वर्ष 2025 एवं 2026 के सेवा पदक प्रदान किए गए हैं। इनमें 07 पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट सेवा सम्मान पदक और 92 को अति उत्कृष्ट सेवा सम्मान पदक मिला है।
गृह मंत्रालय की ओर से दिए गए उत्कृष्ट सेवा सम्मान पदक पाने वालों में अपर पुलिस अधीक्षक बागपत प्रवीण सिंह चौहान, उपनिरीक्षक लिपिक दीपक चंद, मुख्य आरक्षी मितेंद्र सिंह और शांतनु मलिक, मुख्य आरक्षी लोकेश कुमार, आरक्षी चालक रविंद्र तथा मेरठ के आरक्षी चालक नेत्रपाल तेवतिया शामिल हैं।
अति उत्कृष्ट सेवा सम्मान पदक मेरठ रेंज के बुलंदशहर, बागपत, हापुड़ और मेरठ जनपदों में तैनात 92 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रदान किए गए। इनमें पुलिस अधिकारी, उपनिरीक्षक, निरीक्षक, मुख्य आरक्षी और आरक्षी चालक समेत विभिन्न पदों पर तैनात पुलिसकर्मी शामिल हैं।
पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने पदक एवं प्रशंसा चिन्ह पाने वाले सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
मेरठ जनपद से अति उत्कृष्ट सेवा पदक पाने वालों में सुदामा सिंह, राजेंद्र प्रसाद, श्यौराज सिंह, उदयपाल सिंह यादव, सुनील कुमार, हरिसिंह, जितेंद्र कुमार, अनिल कुमार, बलराम, देवेश कुमार सिंह, महावीर सिंह, यशवीर सिंह, प्रवेश कुमार मलिक सहित कई पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस वाहन चालकों, मुख्य आरक्षियों और अन्य कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया है।


