बुलन्द संदेश/लायबा नूर
सम्भल। जनपद में माटीकला शिल्प को बढ़ावा देने और कारीगरों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को ग्राम खेड़ा खास,तहसील चन्दौसी में उ०प्र० माटीकला बोर्ड,सम्भल द्वारा जनपद स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम माटीकला बोर्ड स्थापना पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित हुआ,जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और कारीगरों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अनिल कुमार कर्णवाल ने उपस्थित लोगों को माटीकला बोर्ड एवं खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना,माटीकला टूल किट्स योजना,मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना तथा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही कारीगरों को कौशल सुधार प्रशिक्षण,बैंक ऋण से जुड़ी समस्याओं और उनके समाधान के बारे में भी मार्गदर्शन दिया गया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य स्थानीय कारीगरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और पारंपरिक कला को नया जीवन देना है।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय दर्जा राज्यमंत्री मन्जू दिलेर ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर अमरपाल सिंह,राजीव कुमार,दिवाकर शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।कार्यक्रम में 200 से अधिक प्रतिभागियों की उपस्थिति रही,जिससे जागरूकता अभियान को व्यापक सफलता मिली।


