cbamazon
उत्तर प्रदेश

नोएडा विकास प्राधिकरण के घेराव की तैयारी, किसान संगठन ने दी आंदोलन की चेतावनी

नोएडा विकास प्राधिकरण के घेराव की तैयारी, किसान संगठन ने दी आंदोलन की चेतावनी

बहलोलपुर में भारतीय किसान संगठन की सभा, किसानों और कॉलोनीवासियों ने रखीं समस्याएं राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र यादव बोले- अधिकारों के लिए सड़क पर उतरेंगे

 

नोएडा। ग्राम बहलोलपुर स्थित बबीता कॉलोनी में रविवार को भारतीय किसान संगठन की सभा आयोजित की गई। सभा में किसानों, मजदूरों और कॉलोनीवासियों ने क्षेत्र की समस्याएं रखीं। संगठन ने समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जल्द ही नोएडा विकास प्राधिकरण का घेराव करने का निर्णय लिया। संगठन की ओर से घेराव की तारीख जल्द घोषित करने की बात कही गई।

सभा को संबोधित करते हुए भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने कहा कि जनप्रतिनिधि चुनाव के समय लोगों के बीच वोट मांगने आते हैं, लेकिन क्षेत्र की समस्याओं को लेकर गंभीरता से ध्यान नहीं देते। उन्होंने कहा कि नोएडा के गांवों और आसपास बनी कॉलोनियों में रहने वाले लोग लंबे समय से विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं।

राजेंद्र यादव ने कहा कि स्थानीय किसान अपनी जमीन और अधिकारों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। किसानों को विकसित प्लॉट नहीं मिलने और कॉलोनियों को अतिक्रमण बताकर कार्रवाई किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि लोगों को उनके अधिकार और मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलेंगी तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि गांवों और कॉलोनियों में रास्तों की स्थिति खराब है। इससे लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।

जल्द घोषित होगा घेराव का कार्यक्रम

महानगर अध्यक्ष दीपू यादव ने कहा कि अब संगठन जल्द ही नोएडा विकास प्राधिकरण के घेराव का कार्यक्रम घोषित करेगा। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर और कॉलोनीवासी अपनी समस्याओं को लेकर एकजुट हैं। महानगर उपाध्यक्ष भूपेंद्र यादव और फूलसिंह ने भी सभा को संबोधित किया।

सभा में मौजूद लोगों ने अपनी समस्याएं संगठन के सामने रखीं। सभी समस्याओं पर चर्चा के बाद जल्द नोएडा विकास प्राधिकरण का घेराव करने का निर्णय लिया गया।इस मौके पर अशोक यादव, आदेश कुमार, पूर्ण प्रधान, हरिंदर यादव, विष्णु, अजब सिंह चौहान, ऋषिपाल शर्मा, प्रभाकर, विक्की, विवेक शुक्ला, अनीता, हेमलता, श्यामवीर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।