650 कट्टों में भरा था चावल, दस्तावेज नहीं मिलने पर कालाबाजारी की आशंका; चार के खिलाफ मुकदमा
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
सरधना। नानू पुलिस चौकी पर खड़े चावल से भरे ट्रक की जांच में करीब 350 क्विंटल चावल बरामद हुआ। चावल से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पूर्ति विभाग ने कालाबाजारी की आशंका जताई है। जिलाधिकारी की अनुमति के बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
तहरीर के अनुसार, 15 सितंबर को एसडीएम सरधना ने पूर्ति विभाग को सूचना दी कि नानू पुलिस चौकी पर खाद्यान्न से भरा एक ट्रक खड़ा है। सूचना पर पूर्ति निरीक्षक दिनेश चंद्रा, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी नीरज कुमार और पूर्ति लिपिक विकास कुमार मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान ट्रक संख्या UP37AT5596 चौकी पर खड़ा मिला। ट्रक में प्लास्टिक के 650 कट्टों में करीब 350 क्विंटल चावल भरा हुआ था।
मौके पर मिले सुरेंद्र निवासी न्यू भीमनगर, हापुड़ ने खुद को ट्रक चालक बताया। पूछताछ में उसने बताया कि ट्रक में करीब 35 टन चावल था और इसे हापुड़ से हरियाणा की मिल ले जाया जा रहा था। उसने यह भी बताया कि ट्रक को दबथुवा के आसपास कुछ लोगों ने रोककर नानू चौकी पर खड़ा कराया था। उसके पास चावल से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं थे।
पूर्ति विभाग की जांच में प्रथम दृष्टया चावल की अवैध खरीद-फरोख्त कर री-पैकिंग या री-बैगिंग के बाद कालाबाजारी के लिए ले जाने की आशंका जताई गई। बरामद चावल को उचित दर विक्रेता सुभाष चंद्र की सुपुर्दगी में दिया गया, जबकि ट्रक को पुलिस की सुपुर्दगी में रखा गया।
तहरीर के आधार पर सुरेंद्र, राजेंद्र निवासी लोधीपुर, हापुड़, मनोज गर्ग और ट्रक मालिक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत कार्रवाई की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले में आगे की जांच की जा रही है।


