cbamazon
उत्तर प्रदेश

*नवंबर तक 75 प्रतिशत बजट व्यय कर विकास कार्य पूर्ण करने तथा कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराना सुनिश्चित करें: प्रभारी मंत्री*

*नवंबर तक 75 प्रतिशत बजट व्यय कर विकास कार्य पूर्ण करने तथा कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराना सुनिश्चित करें:  प्रभारी मंत्री*

बुलन्द संदेश ब्यूरो

 

*सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन करने वालों पर करें सख्त कार्रवाई: प्रभारी मंत्री*

 

गाज़ियाबाद (आशा चौधरी) कृषि के साथ पशुपालन किसानों की आर्थिक समृद्धि का प्रमुख आधार: प्रभारी मंत्री

कांवड़ यात्रा आस्था, अनुशासन एवं सामाजिक समरसता का प्रतीक: प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह प्रदेश सरकार श्रद्धालु कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधा एवं सम्मान के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध: प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह प्रभारी मंत्री ने कांवड़ यात्रा को पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त बनाए जाने पर विशेष बल दिया प्रभारी मंत्री ने वृक्षारोपण कर जनसामान्य से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहभागिता की अपील की मंत्री, पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार एवं जनपद गाजियाबाद के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री के मनसा अनुरूप एवं निर्देशानुसारकांवड़ यात्रा को पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त बनाए जाने पर विशेष बल दिया। विकास भवन सभागार में विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा कांवड़ यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से महापौर सुनीता दयाल, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, एमएलसी दिनेश गोयल, विधायक मोदीनगर डॉ मंजू सिवाच, विधायक सदर संजीव शर्मा, विधायक मुरादनगर अजीत पाल त्यागी, विधायक लोन नंदकिशोर गुर्जर, जिला अध्यक्ष भाजपा चैनपाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं प्रशासन की ओर से पुलिस कमिश्नर जे0रविंदर गौड़, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़, डीसीपी राज करन नैय्यर, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक से पूर्व विकास भवन परिसर पहुंचने पर मान्य प्रभारी मंत्री का को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। कमिश्नर ऑफ़ पुलिस, जिलाधिकारी, नगर आयुक्त, मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों द्वारा प्रभारी मंत्री सहित सभी जनप्रतिनिधियों को पुष्प गुच्छ, पौधा एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मानित किया गया।

बैठक में माननीय प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए तथा जनसामान्य को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। मच्छरों की रोकथाम हेतु नियमित फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव एवं स्वच्छता अभियान संचालित किए जाएं।

उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही कांवड़ यात्रा को पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त बनाए जाने पर विशेष बल दिया।पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने पशुओं को विभिन्न संक्रामक रोगों से बचाने हेतु टीकाकरण अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कृषि के साथ पशुपालन किसानों की आर्थिक समृद्धि का प्रमुख आधार है, इसलिए पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन एवं मुर्गी पालन को बढ़ावा देने वाली योजनाओं का लाभ अधिकाधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए। उपनिदेशक एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को गौशालाओं का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि किसानों को डीएपी सहित सभी आवश्यक उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए तथा उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण के संबंध में किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त न हो। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।

विद्युत विभाग को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि जनपद में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। ढीले एवं झूलते विद्युत तारों को तत्काल ठीक कराया जाए तथा विद्युत लाइनों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।

 प्रभारी मंत्री ने सभी विभागाध्यक्षों को अपने अधीन संचालित कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

नगर निकायों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता एवं साफ-सफाई व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए गए। समाज कल्याण विभाग को विभिन्न पेंशन योजनाओं से संबंधित लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जिन उचित दर विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त हो चुके हैं, उनके संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पात्र उपभोक्ताओं को खाद्यान्न वितरण व्यवस्था सुचारु बनाए रखी जाए।

सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने किसानों को आवश्यकतानुसार सिंचाई जल उपलब्ध कराने तथा संभावित बाढ़ की स्थिति पर सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ नियंत्रण से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित कर ली जाएं तथा किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने सभी विभागों को अपनी परिसंपत्तियों एवं शासकीय भूमि का चिन्हांकन कर उन्हें अतिक्रमण से सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को सड़कों को गड्ढामुक्त बनाए रखने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान माननीय प्रभारी मंत्री ने कहा कि सभी विभाग नवंबर माह तक आवंटित बजट का न्यूनतम 75 प्रतिशत व्यय सुनिश्चित करते हुए विकास कार्यों को धरातल पर पूर्ण कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति में लापरवाही अथवा शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग को विद्यालयों में नामांकन वृद्धि, छात्र उपस्थिति तथा शासन की शैक्षिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।

*कांवड़ यात्रा व्यवस्थाओं की विशेष समीक्षा* प्रभारी मंत्री ने कांवड़ यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, अनुशासन एवं सामाजिक समरसता का प्रतीक है। प्रदेश सरकार श्रद्धालु कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधा एवं सम्मान के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि कांवड़ मार्गों पर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए। चिकित्सा शिविर, एम्बुलेंस, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। कांवड़ियों के स्वागत हेतु निर्धारित स्थलों पर आदेशानुसार पुष्प वर्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। कांवड़ शिविर संचालकों को आवश्यकतानुसार पास एवं अन्य प्रशासनिक अनुमतियां समय से उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूर्व वर्षों की घटनाओं एवं अनुभवों से सीख लेते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न होने पाए।

बैठक के अंत में माननीय मंत्री जी द्वारा कांवड़ यात्रा के संबंध में प्रेस वार्ता की गई और पत्रकार बंधुओ को विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। *पिलखन का पौधा रोपित कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश* बैठक उपरांत मंत्री, पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार एवं प्रभारी मंत्री गाजियाबाद धर्मपाल सिंह ने विकास भवन परिसर में पिलखन का पौधा रोपित कर वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक नागरिक को अधिकाधिक वृक्षारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने "वृक्ष लगाओ, वृक्ष बचाओ" का संदेश देते हुए जनसामान्य से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहभागिता की अपील की। महापौर सुनीता दयाल द्वारा भी पिलखन का पौधारोपित किया गया।