cbamazon
उत्तर प्रदेश

ऑटो चालक संदिग्ध परिस्थितियों में गंग नहर में डूबा, पुलिस मान रही आत्म हत्या

ऑटो चालक संदिग्ध परिस्थितियों में गंग नहर में डूबा, पुलिस मान रही आत्म हत्या

बुलंद संदेश ब्यूरो

जब गंग नहर में नहाने पर पुलिस ने प्रतिबंध लगा रखा है, और गंग नहर पर पुलिस तैनाती की बात भी कही जाती है, उसके बावजूद गंग नहर में डूबने का सिलसिला खत्म नहीं हुआ आखिर क्यों???

 

मुरादनगर। (नासिर मंसूरी)

गाजियाबाद निवासी एक ऑटो चालक सोमवार दोपहर करीब एक बजे गंग नहर में नहाते समय पानी के तेज़ बहाव में बह गया। पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है।   पुलिस गोताखोरों की मदद से ऑटो चालक  की तलाश कर रही है। परिजनों को इस संबंध में सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर एक युवक ऑटो लेकर मुरादनगर आया। पहले तो युवक ऑटो लेकर इधर उधर घूमता रहा। करीब एक बजे के आसपास युवक ने अपना ऑटो गंगनहर पटरी पर खड़ा किया और भागते हुए आया और नहर में छलांग लगा दी। नहर में नहा रहे युवकों ने उसे बचाने का भरकस प्रयास किया, लेकिन वह कामयाब नहीं हुए।  युवक पानी के तेज बहाव में बह गया। एसीपी मसूरी सर्किल मनोज कुमार ने बताया कि सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ई चालान एप पर जब ऑटो का नंबर डाला तो नाम गोलू पुत्र धर्म सिंह निवासी मकान नंबर 1644 अर्थला मोहननगर  थाना साहिबाबाद आया। उन्होने बताया कि युवक अविवाहित है और उसके माता पिता भी नहीं है। युवक के फुफेरे भाई रवि से संपर्क किया गया है। युवक की तलाश में एक दर्जन से अधिक गोताखोरों को लगाया गया है। युवक को गंग नहर में तलाश करने के लिए एनडीआरएफ टीम को भी पत्र लिखा गया है। अब यहां सवाल यह पैदा होता है कि जब गंग नहर में नहाने पर पुलिस ने प्रतिबंध लगा रखाहै, हर समय गंग नहर पुलिस की तैनाती रहती है, उसके बावजूद गंग नहर में लोगों के डूबने का सिलसला नहीं रुक पा रहा है। करीब दो सप्ताह पूर्व भी गंग नहर के रेलवे पुल के नीचे गंग नहर में डूब रहे बच्चे को बचाते समय एक युवक की नहर में डूबने से मौत हो गई थी। यह दोनों हादसे पुलिस की लापरवाई की कहानी खुद बयान कर रहे हैं। ऑटो चालक के नहर के पानी के तेज़ बहाव में बहने पर शायद पुलिस अपनी बदनामी से बचने के लिए आत्म हत्या की कहानी गढ़ कर ऑटो चालक का आत्म हत्या के इरादे से नहर में कूदना बता रही है।  जबकि हमें मिली जानकारी के अनुसार ऑटो चालक अपने दोस्तों के साथ गंग नहर में  नहाने आया था। जब वह पानी के तेज़ बहाव में बह गया तो उसके साथी नहर से फरार हो गए।