cbamazon
उत्तर प्रदेश

पुलिस मुठभेड़ में लूट का आरोपी कपिल घायल, गिरफ्तार

पुलिस मुठभेड़ में लूट का आरोपी कपिल घायल, गिरफ्तार

परतापुर पुलिस ने तमंचा, कारतूस और महिला से छीने गए कुंडल बरामद किए, नौचंदी थाने में दर्ज है मुकदमा

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

मेरठ। परतापुर थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लूट और झपटमारी के मामले में आरोपी कपिल को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और महिला से छीने गए पीली धातु के दो कुंडल बरामद हुए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार देर रात परतापुर पुलिस काशी-दयाल मार्ग से गगोल रोड की ओर जाने वाले रास्ते पर संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पैदल आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपिल (33) पुत्र मोहनलाल निवासी प्रहलादनगर, थाना लिसाड़ी गेट, मेरठ के रूप में हुई है।

हापुड़ अड्डे के पास महिला से छीने थे कुंडल

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 5 अक्तूबर को हापुड़ अड्डे के पास एक महिला से कुंडल छीने थे। इस मामले में जांच करने पर नौचंदी थाने में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली। पुलिस ने मुठभेड़, फायरिंग और अवैध हथियार बरामदगी के संबंध में परतापुर थाने में भी मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

पहले भी दर्ज हैं मुकदमे

 

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ मेरठ के सदर बाजार, लिसाड़ी गेट और सिविल लाइन थानों के अलावा जीआरपी मुरादाबाद में भी मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ चोरी, बरामदगी, धोखाधड़ी और आयुध अधिनियम से संबंधित मामले दर्ज होने का उल्लेख किया गया है।कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी अजय शुक्ला समेत उपनिरीक्षक पवन कुमार, शिवम सिंह, ऋषभ चौधरी, अभिषेक कैथवास, कृष्णा कुमार और पुलिसकर्मी शामिल रहे।