बुलंद संदेश ब्यूरो
शिकारपुर। पूर्व राज्यपाल एवं प्रख्यात किसान नेता स्वर्गीय चौधरी सत्यपाल मलिक की प्रथम पुण्यतिथि पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष एडवोकेट जियाउर्रहमान के नेतृत्व में कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल उनके पैतृक गांव हिसावदा (जनपद बागपत) पहुंचा और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम एवं सहप्रभारी प्रदीप नरवाल के आव्हान पर जिले से पहुंचे कांग्रेसियों ने स्वर्गीय सत्यपाल मलिक को नैतिक मूल्यों और किसान, जवान के प्रति निष्ठा के लिए याद किया। कांग्रेस नेताओं ने स्वर्गीय चौधरी सत्यपाल मलिक के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
जिलाध्यक्ष एडवोकेट जियाउर्रहमान ने कहा कि चौधरी सत्यपाल मलिक एक निर्भीक, स्पष्टवादी और जनहित के प्रति समर्पित नेता थे। उन्होंने संवैधानिक पदों पर रहते हुए भी हमेशा सच का साथ दिया और किसानों, युवाओं तथा आम जनता के मुद्दों को पूरी मजबूती से उठाया। उनके नैतिक मूल्य, ईमानदारी और सत्ता के सामने भी बेबाकी से अपनी बात रखने का साहस आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय चौधरी सत्यपाल मलिक ने अपने सार्वजनिक जीवन में सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। देश और समाज के प्रति उनकी सेवाओं तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष को सदैव याद रखा जाएगा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान, राजकुमार पंडित, भजनलाल विमल, हिमाचल गुर्जर, प्रज्ञा गौड़, नरेंद्र चौधरी, साजिद गाजी, कंट्रोल रूम प्रभारी नईम मंसूरी, सचिन वशिष्ठ, डॉ इरफान, इस्लामुद्दीन सैफी, दानिश कुरैशी, दिनेश शर्मा, सगीर अहमद, गुरबचन सिंह, इशू शर्मा, युवा प्रदेश महासचिव सुरेंद्र उपाध्याय, रिक्की सिरोही, अब्दुल करीम, प्रवीण गौड़, ऋतिक जाटव, अजय जाटव, अब्दुल रहमान मंसूरी, पूजा शर्मा, विकास शर्मा आदि मौजूद रहे ।


