सपा नेता ने कहा- सभी वर्गों की भागीदारी और उनके मुद्दों को प्राथमिकता देना जरूरी, जनसंपर्क से संगठन होगा मजबूत
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
सरूरपुर। सिवालखास विधानसभा क्षेत्र के गांव पिठलोकर में मंगलवार को समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से संवाद कर स्थानीय समस्याओं और संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। चौपाल में गांव और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
सपा जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गुमी ने कार्यकर्ताओं से ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार संपर्क बनाए रखने को कहा। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को लोगों तक पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं को समझकर उचित मंच तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया।
सपा नेता चौधरी वसीम राजा ने ग्रामीणों से बातचीत करते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों की भागीदारी और उनके मुद्दों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों से मिलने और स्थानीय समस्याओं की जानकारी लेने को कहा। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के बीच लगातार संपर्क से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलती है।
चौपाल में सदस्यता अभियान, बूथ कमेटियों को सक्रिय करने और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा हुई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आपसी तालमेल के साथ क्षेत्र में संगठन की गतिविधियां बढ़ाने को कहा।
इस दौरान गुलफाम सैफी, बबलू एडवोकेट, हसीन उर्फ मुन्ना भैया, इरशाद प्रधान, गिरेन्द्र प्रधान, मास्टर इस्माइल, जुल्फिकार राणा, इमरान पूठ, सलमान, रोशन रहमान, मुरसलीन सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


